बाल कल्याण समिति के सदस्य संदीप कुमार झा ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल दिवस हमें बच्चों के प्रति प्रेम, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। उन्होंने बच्चों को उनके चार प्रमुख अधिकारों—जीवन, संरक्षण, विकास और सहभागिता—के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी।
अतिथि के रूप में उपस्थित विद्वान शिक्षिका कुमारी भारती रंजन ने कहा कि सपनों में ही भविष्य के इतिहास की पहली इबारत लिखी जाती है। उन्होंने कविता के माध्यम से बच्चों को प्रेरित किया तथा समाज में घटित हो रही घटनाओं के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराते हुए उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया। वहीं, विद्वान शिक्षक एवं गायत्री परिवार से जुड़े बृजनंदन शर्मा ने संगीत के माध्यम से बच्चों का मनोरंजन किया तथा उन्हें नैतिकता, अनुशासन और आध्यात्मिक मूल्यों का महत्व समझाया।
इस अवसर पर बच्चों ने भी पूरे उत्साह और बेबाकी से अपनी बातें रखीं तथा गायन की प्रस्तुति दी। अतिथियों द्वारा बच्चों के बीच बिस्कुट, टॉफी, कॉपी और कलम वितरित कर बाल दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत भाषण बाल गृह के अधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बालिका गृह की अधीक्षिका कंचन झा ने किया। इस अवसर पर प्रोवेशन पदाधिकारी राघव ठाकुर सहित आश्रय गृह के सभी आवासित बालक एवं बालिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बच्चों को केवल संरक्षण और सुविधाएं देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान, शिक्षा, अवसर और आत्मविश्वास देकर जीवन में आगे बढ़ने के लिए सक्षम बनाना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें